
रायपुर:पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित हुए इस समारोह में खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
एनिग्मा 9.0 के अंतर्गत इनडोर गेम्स, एथलेटिक्स और आउटडोर स्पोर्ट्स की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनडोर गेम्स में शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम और बैडमिंटन शामिल रहे। एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और जेवलिन थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, आउटडोर स्पोर्ट्स में खो-खो, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। विभिन्न बैच के छात्र-छात्राओं ने इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया।









