
रायपुर:बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मद्देनज़र भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने राज्यों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई बैठक में सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
दक्षिण बस्तर के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। SDRF की 7 टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार हैं, जबकि NDRF और होमगार्ड को भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत शिविरों, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य सामग्री, परिवहन और संचार व्यवस्था की तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रशासन को गर्भवती महिलाओं, बच्चों, किसानों, फसलों और पशुधन की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा बिजली, दूरसंचार और सड़क यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुशासन सरकार का लक्ष्य है कि सभी विभागों के समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई से संभावित आपदा के दौरान शून्य जनहानि सुनिश्चित की जा सके।










