
रायपुर:सितंबर में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित बस्तर जिले में राज्य शासन द्वारा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। 9 अक्टूबर 2026 तक 8,197 प्रकरणों में ₹25 करोड़ 72 लाख 98 हजार 860 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे प्रभावितों के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।
बाढ़ से क्षतिग्रस्त 4,946 मकानों के लिए ₹24.81 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है। इनमें पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 1,823 मकानों के लिए ₹23.34 करोड़ और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 3,123 मकानों के लिए ₹1.47 करोड़ से अधिक की सहायता शामिल है। आपदा में मृत दो व्यक्तियों के परिजनों को ₹8 लाख की अनुग्रह राशि, पशुहानि एवं फसल नुकसान के मामलों में सहायता और 3,237 प्रभावितों को घरेलू सामग्री के नुकसान के लिए ₹80.92 लाख से अधिक की राशि भी प्रदान की गई है। क्षतिग्रस्त मकानों की तात्कालिक मरम्मत के लिए वन विभाग के माध्यम से बांस और बल्ली भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।









