
दुर्ग: नगर निगम चरोदा क्षेत्र के स्वस्तिक पार्क में आज कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण चुनावी बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, चरोदा चौराहा के चुनावी ऑब्जर्वर विकास उपाध्याय , अध्यक्ष राकेश ठाकुर , प्रभारी राजेंद्र साहू , महापौर निर्मला कोसले , सभापति चंद्राकर सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल के कार्यकर्ता एवं नगर निगम के सभी पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं बल्कि जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों और समस्याओं को समझने का अवसर है। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहा है और आने वाले चुनाव में भी जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से संघर्ष करेगा।
वहीं चुनावी ऑब्जर्वर विकास उपाध्याय ने कहा कि चरोदा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी कर रहा है। बूथ स्तर से लेकर वार्ड स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस का लक्ष्य प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना और जनता के विश्वास को और मजबूत करना है।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने चुनाव को लेकर पार्टी की सक्रियता और तैयारियों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।








