
Oplus_0
बेमेतरा। जिले के बेरला ब्लॉक के अनेक गांवों में बारिश की स्थिति अच्छी नहीं होने को लेकर किसान चिंतित हैं। क्षेत्र के ग्राम गोंडीगिरी, तिलई, चंडी, करेली, मुड़पार, घटियां, बहेरा, सांकरा, पाहरा, खरा सहित आसपास के गांवों में कई स्थानों पर मुरमी एवं भाठा भूमि होने के कारण बारिश का पानी खेतों में अधिक समय तक टिक नहीं पाता। ऐसे में यदि आगामी दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं होती है, तो किसानों की फसलों को सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता पड़ सकती है।
किसानों की इस चिंता को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं से चर्चा कर क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कलेक्टर से कहा कि बेरला क्षेत्र के इन गांवों में किसानों की स्थिति को देखते हुए यदि आगामी कुछ दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं होती है और खेतों में पानी की कमी बनी रहती है, तो सुखोंतादुला जलाशय से नहर के माध्यम से एक बार पानी छोड़े जाने की आवश्यकता पड़ है। इससे किसानों को फसल बचाने में महत्वपूर्ण राहत मिल सकती है।
श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि किसानों की चिंता को देखते हुए समय रहते आवश्यक तैयारी और जल प्रबंधन किया जाना जरूरी है। क्षेत्र में बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर किसानों के हित में नहर से पानी छोड़ने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन की रीढ़ हैं। उनकी फसल सुरक्षित रहे, इसके लिए शासन-प्रशासन के स्तर पर हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि किसानों की आवश्यकता और क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा उचित निर्णय लिया जाएगा, जिससे बेरला क्षेत्र के किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके।









