
रायपुर:छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 357 सामुदायिक जल स्रोतों पर सैंड फिल्टर (रीचार्ज पिट्स) के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह वैज्ञानिक संरचनाएं वर्षा जल को प्राकृतिक रूप से छानकर जमीन के भीतर पहुंचाएंगी, जिससे ग्रामीण और विशेषकर आदिवासी बहुल इलाकों में जल स्तर सुधरेगा।
357 रिचार्ज पिट निर्माण कार्यों को औपचारिक मंजूरी
धमतरी जिले में वर्षा जल के संरक्षण, भू-जल स्तर में सतत सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा को दीर्घकालिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से एक बड़ी प्रशासनिक पहल की गई है। जिले में ‘वीबी-जी रामजी योजना’ के तहत जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुल 357 रिचार्ज पिट निर्माण कार्यों को औपचारिक मंजूरी दी गई है। स्वीकृति मिलते ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इन संरचनाओं का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रारंभ कर दिया गया है।
स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग
कलेक्टर धमतरी के निर्देशन में इन सभी स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। मैदानी अधिकारियों और तकनीकी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित तकनीकी मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए। नियमित निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निरंतर समीक्षा की जा रही है।










