
रायपुर:माओवाद मुक्त होने के बाद अब कोंडागांव जिले के अंतिम छोर तक विकास की रोशनी पहुंच रही है। जिले के सुदूर अंचल में स्थित ग्राम कड़ेनार में कभी माओवाद के प्रभाव के कारण पहुंचना कठिन था, लेकिन अब सुरक्षा और प्रशासनिक पहुंच बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में ग्राम कड़ेनार में दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कड़ेनार सहित आश्रित ग्राम मदोड़ा, बेचा एवं कीलम के ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके गांव के समीप ही उपलब्ध कराया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं के लिए जिला एवं विकासखंड मुख्यालय तक आने-जाने की कठिनाई से राहत दिलाना तथा एक ही स्थान पर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में आधार सेवा के अंतर्गत 18 लोगों के नवीन आधार कार्ड बनाए गए तथा 24 लोगों का बायोमेट्रिक अपडेट किया गया। पंचायत विभाग द्वारा 72 नए जॉब कार्ड बनाए गए और 41 जॉब कार्ड का ई-केवाईसी किया गया। श्रम विभाग द्वारा 62 श्रमिकों का पंजीयन किया गया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 33 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। डाक विभाग द्वारा 12 बैंक खाता खोले गए और नये खाता खोलने हेतु 32 लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए।









