
रायपुर:लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत खैरागढ़ जिले के विकासखंड छुईखदान की ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित ग्राम बिड़ौरी में हर घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए कार्य ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब गांव के प्रत्येक परिवार को घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हुआ है।
ग्राम बिड़ौरी में 40 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण कर व्यापक पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है। इसके माध्यम से गांव की 638 जनसंख्या वाले 150 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। नियमित जलापूर्ति से ग्रामीणों को अब स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल सहजता से उपलब्ध हो रहा है।
योजना लागू होने से पहले महिलाओं और बच्चों को प्रतिदिन पेयजल के लिए दूरस्थ स्रोतों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की अधिक खपत होती थी। अब घर-घर नल से पानी मिलने से महिलाओं को राहत मिली है, बच्चों को पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के लिए अधिक समय मिल रहा है तथा परिवारों की दैनिक दिनचर्या पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक हो गई है।
स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। जलजनित बीमारियों की आशंका में कमी आई है और स्वच्छता के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ी है। इससे गांव के लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।









