
रायपुर:जिले में कृषि कार्यों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति दोनर (पैक्स) में उपलब्ध कृषि ड्रोन के माध्यम से ग्राम ढीमरटिकुर के प्रगतिशील कृषक हरनारायण साहू के खेत में कृषि दवाइयों का छिड़काव किया गया। इस अवसर पर आसपास के अनेक किसान भी उपस्थित रहे और उन्होंने ड्रोन द्वारा किए जा रहे स्प्रे का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
कृषक हरनारायण साहू के पास लगभग 8 एकड़ कृषि भूमि है। तकनीकी कारणों के चलते आज ड्रोन के माध्यम से लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में ही कृषि दवाइयों lemdaclorpid हेक्सागोनजोले एवं जैविक फर्टिलाइजर का सफलतापूर्वक छिड़काव किया जा सका। शेष क्षेत्र में स्प्रे का कार्य तकनीकी समस्या के समाधान के बाद किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान किसानों को ड्रोन की कार्यप्रणाली, संचालन तथा इसके उपयोग से होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से कम समय में बड़े क्षेत्र में समान रूप से दवाइयों का छिड़काव किया जा सकता है। इससे श्रम और समय की बचत होती है, दवा की मात्रा नियंत्रित रहती है तथा फसलों पर समान रूप से दवा पहुंचने से बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं। साथ ही किसानों का रासायनिक दवाइयों के सीधे संपर्क में आना भी कम हो जाता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम घटते हैं।









