
धमतरी:शासन की डिजिटल सेवा पहल “सेवा सेतु – जनता के द्वार, डिजिटल सरकार” नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी माध्यम बन रही है। अब विभिन्न शासकीय प्रमाण पत्रों एवं सेवाओं के लिए नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल दस्तावेज सत्यापन तथा समयबद्ध सेवा प्रदाय से लोगों का जीवन अधिक सरल और सुविधाजनक हुआ है।
धमतरी जिले के कुरूद तहसील के निवासी सागर भी इस डिजिटल परिवर्तन का लाभ प्राप्त करने वाले नागरिकों में शामिल हैं। उन्हें एक आवश्यक शासकीय कार्य के लिए निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले इस प्रकार का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालय में कई बार जाना पड़ता था। आवेदन जमा करने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे।








