
रायपुर :राज्य सरकार द्वारा खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए किए गए इंतजामों का सकारात्मक असर अब गांवों में दिखाई देने लगा है। किसानों को कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समितियों और वितरण केंद्रों के माध्यम से उर्वरकों की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही किसानों को नैनो डीएपी, नैनो यूरिया जैसे आधुनिक उर्वरकों के उपयोग और लाभ की जानकारी भी दी जा रही है, जिससे किसान नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
इसी व्यवस्था से लाभान्वित किसानों में विकासखंड कवर्धा के ग्राम धरमपुरा निवासी किसान अवध राम ठाकुर भी शामिल हैं। उन्होंने समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रति संतोष व्यक्त किया। श्री ठाकुर ने बताया कि उनके पास लगभग 4 एकड़ कृषि भूमि है। इनमें वे एक एकड़ में धान तथा तीन एकड़ में गन्ने की खेती करते हैं। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ खेतों की तैयारी शुरू हो चुकी है और इसी तैयारी के तहत वे खाद लेने समिति पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि समिति में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उनकी जरूरत के अनुसार एसएसपी, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी खाद आसानी से उपलब्ध हो गया। साथ ही उर्वरकों के उपयोग और उनसे होने वाले लाभ की जानकारी भी दी गई।







