
रायपुर : पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय आज क्षेत्र के वरिष्ठ जनों व आमजनों के साथ रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे। राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी का क्षेत्रफल घनी आबादी वाला है जहाँ बिजली की समस्या सबसे अधिक है और इसी कारण पूर्व की भूपेश बघेल की सरकार में बिजली विभाग को आवश्यकता से अधिक फण्ड मुहैया करवाया ताकि आम जनता को बिजली संबंधित समस्या न झेलनी पड़े, जिसकी राशि अभी भी बिजली विभाग के पास रखी हुई है। वहीं विद्युत सब स्टेशन हेतु फण्ड जारी हुआ था लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण कार्य अधूरा पड़ा है। रायपुर शहर में नजूल एवं ट्रस्ट की की पर्याप्त जगह उपलब्ध है जिसके अध्यक्ष कलेक्टर स्वयं होते हैं। वह चाहे तो नजूल की जगह एवं ट्रस्ट वालों से बात कर बिजली विभाग को सब स्टेशन हेतु जगह आबंटन करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, एक फेस गोल, ट्रांसफार्मर फेल और महंगी बिजली बिल की समस्या शीर्ष चरम पर पहुँच चुकी है, लगातार विद्युत समस्याओं को लेकर प्रदेश में सरकार के खिलाफ आंदोलन चल रहा है। उपाध्याय ने बताया कि रायपुर पश्चिम की जनता अपने क्षेत्रीय विधायक से भी परेशान हो चुकी है क्योंकि वे क्षेत्रहित व जनहित में कार्य करना ही नहीं चाह रहे, उनके पास बार-बार क्षेत्रवासी गुहार लगाते हैं लेकिन जनता की आवाज अनसुनी रह जाती है। राजधानी रायपुर की जनता भी विद्युत की समस्या से अत्यंत दुखी हो चुकी है जिस कारण आमजन और वरिष्ठजनों ने पूर्व जनसेवक विकास उपाध्याय से कलेक्टर को मिलने की आशा व्यक्त की, जिस पर तत्काल उपाध्याय ने संज्ञान लेकर कलेक्टर से चर्चा कर उनसे समय लिया और आज जनता की विद्युत समस्या को लेकर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रवासी व रायपुर के वरिष्ठ जनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुँच गये।









