
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत सरगुजा जिले के अंबिकापुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत खलीबा क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना रहा। शिविर में क्लस्टर अंतर्गत आने वाली 28 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। विधायक श्री मिंज ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को सूचित करने के निर्देश दिए।








