रायपुर;राज्य शासन द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
इसी क्रम में बलरामपुर जिला के ग्राम पंचायत चितमा एवं विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत लोधी में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविरों में लोगों ने अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया संबंधित विभागों द्वारा प्रारंभ की गई। आमजनों की सुविधा के लिए पंजीयन काउंटर स्थापित किए गए थे।
शिविरों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, उद्यान, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें पोषण, टीकाकरण एवं मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी भी दी गई।





