रायपुर:छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बन चुकी महतारी वंदन योजना ने अब तक लाखों महिलाओं के जीवन में नई रोशनी ला दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित यह योजना न केवल आर्थिक सहारा बनी है, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान से परिपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा भी दे रही है।
सुकमा जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र छिंदगढ़ की निवासी शांति नाग ने बताया कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उनके कठिन जीवन में स्थायित्व और आशा की किरण जगी है। खेती और मजदूरी के सहारे जीवन यापन करने वाले इस परिवार के लिए योजना की एक हजार रुपये की मासिक सहायता जीवन में परिवर्तनकारी साबित हुई है। शांति नाग अब स्वयं को आत्मनिर्भर और सम्मानित नागरिक के रूप में महसूस करती हैं।
श्रीमती नाग कहती हैं कि पहले रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना भी चुनौती था, लेकिन अब घरेलू खर्चों में राहत मिली है और वे अपने बच्चों की पढ़ाई तथा स्वास्थ्य जैसे जरूरी विषयों पर भी ध्यान दे पा रही हैं।








