रायपुर:भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम को नमन करते हुए और आपरेशन सिन्दूर की सफलता पर शहर में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये नागरिक कार्यक्रम के तहत कोरबा के घंटाघर चौक से महाराणा प्रताप चौक से घंटाघर चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। घंटाघर चौक पर बड़ी संख्या में बच्चे, युवाओं और आम नागरिकों सहित जनप्रतिनिधियों ने हाथ में तिरंगा ध्वज लेकर भारत माता की जय, हिन्दूस्तान जिन्दाबाद,वन्दे मातरम्, जयहिन्द, जय जवान के नारे लगाये। इस दौरान शहरवासियों में देश के प्रति देशभक्ति की भावना और राष्ट्र प्रेम की झलक दिखाई दी। आम नागरिकों ने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए एकता और अखंडता पर बल दिया।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये नागरिक कार्यक्रम के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने आपरेशन सिन्दूर को सफल बताते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया है।








