रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के स्थापना दिवस (10 मार्च) के अवसर पर बल के सभी वीर जवानों, अधिकारियों तथा समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि सीआईएसएफ देश की सुरक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो राष्ट्र के औद्योगिक, संवेदनशील प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है। बल के जवान अपने अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से हर परिस्थिति में राष्ट्र की सेवा में समर्पित रहते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सीआईएसएफ केवल औद्योगिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों से लेकर आतंरिक सुरक्षा तक, हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में अपने साहस और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश करता है।








