रायपुर:. छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन संचालित विप्र कला, वाणिज्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में शहीद दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखते हुए महात्मा गांधी के विचारों को आज के समय भी प्रासंगिक बताया। उनके सत्य के प्रयोग, अहिंसा और आत्मनिरीक्षण आज के समय में एक अच्छे जीवन शैली के लिए आवश्यक है। इसलिए महात्मा गांधी के जन्म तिथि 2 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र संघ विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मनाता है । इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी ने अपने प्रेषित संदेश में कहा कि शहीदों की शहादत और उनकी कुर्बानी का स्मरण करना और आजादी के महत्व को समझते हुए देश के लिए जीना सीखना आज के युवा पीढ़ी के लिए आवश्यक है। इसके उपरांत दो मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई ।इस अवसर पर समस्त प्राध्यापकों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।








