
रायपुर:छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उपहार में काकोरी आमों की टोकरी पाकर उन्हें पत्र लिखकर हृदय से धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा है कि यह उपहार पाकर मैं अत्यंत भावुक और अभिभूत हूं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि आपके मधुर संदेश के साथ मुझे प्राप्त हुए काकोरी आमों का स्वाद अत्यंत ही मधुर है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान आमों से भी है और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भी। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन दोनों पहचानों को एकाकार करते हुए जो अद्भुत पहल की है, वह प्रेरक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने का यह श्रेष्ठ तरीका है। इससे हम अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करते हुए उस महान संग्राम की यादों को अपने सबसे प्रिय क्षणों में शामिल कर सकेंगे।








