दिल्ली: लोकसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद आज नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी के साथ उनकी नई कैबिनेट के मंत्री भी शपथ लेंगे। शपथ से ठीक पहले नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास पर एक बैठक बुलाई गई।
चाय पर हुई चर्चा में प्रधानमंत्री ने सभी संभावित मंत्रियों को अपनी सरकार का एजेंडा समझा दिया है. इस तरह से नरेंद्र मोदी ने आज सभी को ये बता दिया है कि सरकार के शपथग्रहण के बाद आपको सबसे पहला काम क्या करना है. पीएम मोदी ने कहा, ‘मंत्रालय संभालते ही आप सभी को काम पर जुट जाना है.प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में सबसे अगली कतार में अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, एस. जयशंकर, निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, एचडी कुमारस्वामी, शिवराज सिंह चौहान, जीतन राम मांझी, ललन सिंह और पीयूष गोयल बैठे नजर आए.
अमूमन शाह, गडकरी और राजनाथ सिंह बीजेपी या मोदी की मीटिंग में सबसे आगे बैठे दिखते हैं. इस बार मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के पूर्व सीएम खट्टर और धर्मेंद्र प्रधान जैसे नेता सबसे आगे दिखे.कई नेता पहली दफा इस तरह की मीटिंग में सबसे आगे की कतार में बैठे दिखे.मीटिंग में अगली कतार को देखकर कयास लगाया जा रहा है कि गृह, रक्षा और वित्त जैसे सबसे भारी-भरकम और अहम पोर्टफोलियो इनमें से किसी के हिस्से जाएगा.






