रायपुर:

प्रदेश के शिक्षा, पर्यटन एवं संस्कृति तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने देर रात कांकेर में जिला स्तर के अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करने और शासन की मंशानुरूप निचले स्तर पर पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे किसी भी योजना के क्रियान्वयन से पहले व्यवस्थित रणनीति तैयार कर लें ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ लेने से वंचित ना रह जाए। साथ ही यह भी कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को विकसित बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे हम सबको मिलकर पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के नई सरकार से जनता को बहुत सी आकांक्षाएं एवं उम्मीदें हैं और जनता के उम्मीदों के अनुरूप पिछले तीन महीने में ही हमारी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।










