रायपुर:



राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर और छत्तीसगढ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रेक्षागृह में आयोजित दो दिवसीय 19 वें छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक सम्मेलन का आज शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय यह सम्मेलन 26 एवं 27 फरवरी तक आयोजित होगा।
निदेशक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर प्रोफेसर एन. वी.रमणा राव ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है जो अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी तरक्की कर रहा है। आज हम सब विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवाचार की चर्चा करेंगे। नई विचारधारा और अनुसंधान को बढ़ावा देंगे और आगे के विषय में कदम बढ़ाएंगे। छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक सम्मेलन के माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र मंी आगे बढ़ेगी। आज हम इस समारोह को विकसित भारत 2047 के सन्दर्भ में भी देखते हैं, जो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण दिशा निर्देश है। 2047 की दिशा में हम ऐसे भारत की दिशा में काम कर रहे हैं जो विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी हो, जो नवाचारों के साथ साथ सामाजिक और आर्थिक उत्थान को प्राप्त करेगा।







