रायपुर:देश की राजधानी में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार, 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं का भव्य प्रदर्शन करेगा। भारत मंडपम नई दिल्ली के एम्फी थिएटर-01 में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। शाम पांच बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
’छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुतियां होंगी’
इस सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य होंगे। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां शामिल हैं। इन लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, लोक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की जाएगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत की संगत में कलाकारों की प्रस्तुतियां दिल्ली के दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक दुनिया से रूबरू कराएंगी।





