
रायपुर: पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत वृद्धि किए जाने के निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार कर्मचारियों को राहत देने के नाम पर केवल घोषणाओं की राजनीति कर रही है। महंगाई आसमान छू रही है, परिवारों का खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कर्मचारियों को उनके अधिकार का महंगाई भत्ता पाने के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महंगाई भत्ता को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने की घोषणा की गई है, जो 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। सवाल यह है कि जब केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता दे रही है, तो छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को अब भी 3 प्रतिशत पीछे क्यों रखा जा रहा है? आखिर प्रदेश के कर्मचारियों के साथ यह भेदभाव कब तक चलेगा?
उन्होंने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के हाल ही के बयान पर प्रतिक्रिया दी है कि चुनाव के समय भाजपा ने कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता और एरियर्स देने का वादा किया था। आज सत्ता में आने के बाद उस वादे को पूरा करने में सरकार की हिचकिचाहट क्यों है? केवल 2 प्रतिशत की वृद्धि कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेना कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि सरकार जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते का एरियर्स कर्मचारियों को कब देगी, साथ ही पिछला लंबित महंगाई भत्ता जो जनवरी 2017 से वर्तमान स्थिति तक लंबित है उसे सरकार देगी भी या नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारी और पेंशनर सरकार की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार को उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ बंद कर तत्काल लंबित एरियर्स का भुगतान करना चाहिए।
विकास उपाध्याय ने मांग की किः
1. सभी शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत दिया जाए।
2. जनवरी 2026 से लंबित महंगाई भत्ते का एरियर्स एकमुश्त भुगतान किया जाए।
3. जनवरी 2017 से वर्तमान स्थिति तक लंबित महंगाई भत्ते और एरियर्स पर भी तत्काल स्पष्टता दे।
4. भविष्य में केंद्र सरकार की घोषणा के साथ ही राज्य के कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाए।
5. वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी जी कर्मचारियों के लंबित एरियर्स और भुगतान की समय-सीमा पर प्रदेश की जनता एवं कर्मचारी संगठनों के सामने स्पष्ट जवाब दें, गिरगिट की तरह रंग बदल बदलकर जो जनता के साथ खिलवाड़ कर बयान दे रहे हैं वह जनता सब देख और समझ रही है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि कर्मचारियों को कोई खैरात नहीं चाहिए, उन्हें उनका अधिकार चाहिए। कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के हित में हमेशा खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाकर रहेगी।









