
रायपुर:राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में प्रदेशभर के 1,122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री गजेंद्र यादव ने की।
राज्यपाल ने युवाओं से समाजसेवा में सक्रिय योगदान देने, जल-जंगल की रक्षा करने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ हर परिस्थिति में जिम्मेदारी निभाने और सेवा के लिए तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक है तथा इससे जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा भाव से कार्य करता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को आगे भी समाजसेवा और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रेरित किया।सुशासन सरकार युवाओं की भागीदारी, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।









