
रायपुर:राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अप्रैल-सितंबर 2026 की ‘स्वास्थ्यांक’ रिपोर्ट में नारायणपुर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य की शीर्ष ‘अचीवर्स’ श्रेणी में स्थान हासिल किया है। वित्तीय प्रबंधन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य और कुष्ठ रोग उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
जिले ने वित्तीय व्यय रैंकिंग में 22वें स्थान से सीधे 5वें स्थान तक की छलांग लगाई है। संस्थागत प्रसव का आंकड़ा 54%, पहली तिमाही में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन 98% और पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों की रिकवरी दर 86% दर्ज की गई। वहीं, मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग में लक्ष्य का 173% और मरीजों के उपचार में 132% उपलब्धि हासिल हुई।
सुशासन सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के हर नागरिक तक पहुंचे और हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।










