
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों के 520 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 208 स्टाफ नर्स, 95 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष, 94 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला, 25 फार्मासिस्ट, 50 वार्ड बॉय और 48 वार्ड आया शामिल हैं। ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे, जिनमें अधिकांश जनजातीय बहुल क्षेत्र हैं।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से सेवाभाव, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि मरीजों की सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा और पुण्य का कार्य है। राज्य सरकार नए मेडिकल कॉलेजों, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य अमले के विस्तार के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सुशासन सरकार का संकल्प है कि दूरस्थ और जनजातीय अंचलों सहित प्रदेश के हर नागरिक को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।








