
रायपुर:आगामी धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए जिले में अंतर्राज्यीय सीमाओं पर निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा अवैध परिवहन पर नियंत्रण रखने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को उड़ीसा सीमा से लगे सरायपाली विकासखंड अंतर्गत अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट स्थापित करने सिरपुर, सिंघोड़ा एवं रेहटीखोल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेक पोस्टों में जांच व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही, दस्तावेजों के सत्यापन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चेक पोस्टों पर सतत निगरानी रखते हुए जांच प्रक्रिया को सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने चेक पोस्टों से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही तथा उनके दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।









