
कोरिया :शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तब सार्थक होता है, जब उनका लाभ खेत-खलिहान तक पहुंचकर किसानों के जीवन में बदलाव लाए। “सेवा संकल्प अभियान” इसी सोच को धरातल पर साकार करने का माध्यम है। जिले के कादमनारा के जोबापानी पारा निवासी किसान श्री करण साय, पिता जयराम के जीवन में आया बदलाव इसका एक प्रेरक उदाहरण है।
करण साय लगभग 2 एकड़ भूमि में खेती करते हैं। पहले उनके पास सिंचाई का पर्याप्त साधन नहीं था, जिसके कारण वे वर्ष में केवल एक ही फसल ले पाते थे। बारिश पर निर्भर खेती में मौसम की अनिश्चितता के कारण उत्पादन और आमदनी भी प्रभावित होती थी।
वर्ष 2016 में सौर सुजला योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी खेती की तस्वीर बदल गई। योजना के तहत उनके खेत में 3 एचपी का सोलर पंप स्थापित किया गया, जिससे उन्हें सिंचाई का स्थायी और सुविधाजनक साधन मिला। अब उन्हें सिंचाई के लिए वर्षा पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और खेतों में आवश्यकता के अनुसार पानी उपलब्ध हो जाता है।
सिंचाई सुविधा मिलने के बाद करण साय अब अपने खेत में धान, मूंग, सरसों, उड़द और गेहूं जैसी विभिन्न फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। पहले जहां साल में केवल एक फसल हो पाती थी, वहीं अब वे दो से तीन फसलें लेने में सक्षम हैं। इससे उनकी खेती की उत्पादकता बढ़ी और वार्षिक आमदनी लगभग 2 लाख रुपये तक पहुंच गई है।








