
रायपुर,:खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के प्राधिकृत अधिकारी शशिकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला विपणन अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों के साथ पिछले वर्षों की खरीदी, धान के निराकरण, चावल जमा और सूखत समेत विभिन्न मुद्दों की जिलेवार समीक्षा की गई।
बैठक में 2 अप्रैल 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की जानकारी ली गई। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जित धान के निराकरण, एफसीआई और नान में चावल जमा करने की स्थिति तथा लेखा मिलान की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों से खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 और 2025-26 में सामने आई धान की सूखत (कमी) की स्थिति की जानकारी ली गई।
362 नए उपार्जन केंद्रों पर फोकस
आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों में बारदानों की उपलब्धता को लेकर भी समीक्षा की गई। इसके अलावा 362 नए धान उपार्जन केंद्रों’’ के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं, संग्रहण केंद्रों की तैयारी तथा मुख्यालय एवं जिला स्तर पर निविदाओं की अद्यतन स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।










