
बेमेतरा: विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत कुसमी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में जिला स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत 17 वर्ष बालक एवं बालिका क्रिकेट चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी शामिल हुईं। इस जिला स्तरीय चयन ट्रायल में बेमेतरा जिले के चारों विकासखंड—बेरला, नवागढ़, बेमेतरा एवं साजा के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। मैदान में पहुंचते ही युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ चयन ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में भी खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी चयन ट्रायल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और परिणाम की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में मिली हार भी खिलाड़ी को आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है, इसलिए निरंतर अभ्यास और मेहनत ही सफलता की कुंजी है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विद्यालयीन स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिला, संभाग और राज्य स्तर तक अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में नगर पंचायत कुसमी अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू, पार्षद देवकुमार साहू एवं नंदकुमार साहू, संतोष साव, अनूप सिंह पीटीआई सेजेस शिवलाल राठी, आशीष तिवारी पीटीआई सेजेस सिंघौरी, अंकित निर्मलकर पीटीआई ज्ञानोदय विद्यालय, राकेश साहू पीटीआई गोडगिड़ी, मोहम्मद आवेद पीटीआई खुड़मुड़ी, चंद्रकुमार साहू पीटीआई आनंदगांव, हिमांशु साहू पीटीआई सेजेस कठिया, हरिशंकर चंदेल पीटीआई सेजेस नवागढ़, राजकुमार पटेल पीटीआई मल्दा सहित बेरला विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी कमलनारायण साहू एवं विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमी के व्यायाम शिक्षक भूपेंद्र कुमार वैष्णव एवं विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों स्वागत किया गया। आयोजन में समस्त नगरवासियों की भी सहभागिता रही। चारों विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने क्रिकेट चयन ट्रायल में अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक और फिटनेस का प्रदर्शन किया। बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना और अनुशासन भी देखने को मिला। कुसमी में आयोजित यह जिला स्तरीय चयन ट्रायल विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा को साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर बना। आयोजन के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई।








