
रायपुर:सरहद पर खड़े जवानों की कलाई भले ही इस रक्षाबंधन पर अपने घर की राखी से दूर रहे, लेकिन कवर्धा की बहनों का स्नेह उन तक जरूर पहुंचेगा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भारत माता चौक में आयोजित ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ कार्यक्रम में कवर्धा जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों ने अपने हाथों से तैयार राखियां देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए समर्पित कीं। कवर्धा की माताएं बहने, सेना के जवान, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाएं, सखी सेंटर के स्टाफ, जिला महिला सशक्तिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सेना के जवानों द्वारा भारत माता की आरती के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने सैनिक भाइयों को राखियां बांधकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। ‘जय जवान’ के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। खास बात यह रही कि जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों द्वारा तैयार की गई राखियों को एकत्र कर भारतीय सेना तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इन राखियों के साथ कवर्धा की बहनों की शुभकामनाएं और देश की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति कृतज्ञता भी सीमा तक पहुंचेगी।








