
रायपुर:वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी आज रायगढ़ के एनटीपीसी लारा में आयोजित ‘कनेक्टिंग सोसायटी: एक कदम विकसित भारत की ओर’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शासकीय माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को साइकिल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु पुस्तकें वितरित कीं तथा वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया।
2047 तक विकसित भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बड़े लक्ष्य निर्धारित करें, योजनाबद्ध तैयारी करें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
एनटीपीसी ने आसपास के गांवों के विकास को दी नई गति
वित्त मंत्री ने कहा कि एनटीपीसी केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के गांवों के सामाजिक और आधारभूत विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी के सीएसआर मद से प्रभावित नौ ग्राम पंचायतों में लगभग एक-एक करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों का चयन ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप किया गया है। इसके लिए उन्होंने एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक (ईडी) एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।








