
बीजापुर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंदरूनी क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत दरभा के जैगूर गांव में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ा और सभी ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश को तन्मयता के साथ सुना।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। वहीं छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के जल संरक्षण कार्य को प्रमुखता के साथ सराहना की साथ ही युवाओं के नवाचार, वैज्ञानिक सोच और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर भी विशेष बल दिया।
बीजापुर के दरभा पंचायत के जैगूर गांव में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।










