
रायपुर:ग्राम पंचायतों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं आदर्श बनाने के उद्देश्य से जशपुर जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पंचायत विकास, जनभागीदारी, स्वच्छता एवं ग्रामीण अधोसंरचना के उत्कृष्ट मॉडलों का अध्ययन करने के लिए जशपुर जिले का 43 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बिहार राज्य के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा विकासखंड स्थित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मोतीपुर ग्राम पंचायत के अध्ययन भ्रमण पर गया। यह भ्रमण 11 से 14 जून 2026 तक आयोजित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ जिले की 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल रहे। दल में डिप्टी डायरेक्टर पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, एसडीओ, सब इंजीनियर, फैकल्टी मेंबर, जिला एवं ब्लॉक समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य अधिकारी भी सम्मिलित थे।
मोतीपुर ग्राम पंचायत को पंचायत विकास एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। पंचायत की मुखिया श्रीमती प्रेमा देवी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्य और नवाचार देशभर की पंचायतों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं। यही कारण है कि विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधिमंडल समय-समय पर यहां पहुंचकर पंचायत के विकास मॉडल का अध्ययन करते हैं।










