
रायपुर:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसम्पर्क विभाग द्वारा अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ मंगलवार को सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने किया। 16 से 18 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा देश की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उद्घाटन अवसर पर सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी नागरिकों को विकास यात्रा और शासन की उपलब्धियों से अवगत कराने का सशक्त माध्यम है।









