
धमतरी:आगामी खरीफ सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यापक एवं सुव्यवस्थित तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में उर्वरक एवं बीज के भंडारण, वितरण और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, ताकि किसानों को खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कृषक संगठनों एवं किसानों द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है। वर्तमान में जिले की 96 सहकारी समितियों में 7,313 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है, जबकि सहकारी एवं निजी क्षेत्र में कुल 28,241 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों के वितरण हेतु उपलब्ध है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यूरिया, डीएपी सहित अन्य आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक जिले में मौजूद है तथा किसानों की मांग के अनुरूप निरंतर आपूर्ति की जा रही है।





