रायपुर: .छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन संचालित विप्र पब्लिक स्कूल के नवम वार्षिक उत्सव समारोह “रेनबो” में महापौर मीनल चौबे के मुख्य आतिथ्य एवं प्रो. एस.के. पांडेय (अध्यक्ष छत्तीसगढ़ शुल्क नियामक आयोग एवं पूर्व कुलपति ) के प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ।

VPS के वार्षिक उत्सव के शुभारंभ अवसर पर मीनल चौबे ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे उत्साह और उमंग के साथ खेले ,पढ़े और आगे बढ़े ।पालकों को भी बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार विकसित होने का अवसर देना चाहिए ।उन्होंने कहा अपनी इच्छाओं और आकांक्षाओं का बोझ बच्चों के नाजुक कंधों पर नहीं डालना चाहिए। वार्षिक उत्सव के दौरान आज जैसे खुशी और उल्लास का माहौल है, बच्चों को हर दिन और हर समय इसी प्रकार खुशी और उत्साह के साथ अपने काम करने के लिए प्रेरित करते रहें। प्रो. एस.के .पांडेय ने अपने उदबोधन में कहा कि बच्चों को सहज और स्वाभाविक रूप से सीखने का वातावरण प्रदान करने के लिए विप्र पब्लिक स्कूल का प्रयास सराहनीय है। विप्र महाविद्यालय के बाद विप्र पब्लिक स्कूल बच्चों को न्यूनतम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अतः शिक्षकों के साथ पालकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करें।

छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने प्रबंध समिति, शिक्षक और पालकों के आपसी सामंजस्य द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रयास को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर विप्र पब्लिक स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुबीर तिवारी, शिक्षण समिति के संचालक उमाकांत तिवारी, नगर पालिका निगम रायपुर एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल ,पार्षद मीना ठाकुर एवं शासकीय डंगनिया स्कूल के प्राचार्या अल्का तिवारी ने भी बच्चों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की। विप्र महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने वर्ष भर आयोजित विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके बाद एनुअल फंक्शन की शुरुआत गणेश वंदना से हुआ। फिर बच्चों का धमाल ,मस्ती और शोर के साथ कार्यक्रमों का दौरा दो घंटे तक चलता रहा। पी पी वन से लेकर दसवीं कक्षा के बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत ,छत्तीसगढ़ और विभिन्न प्रांतो के लोक नृत्य और चक धूम धूम जैसे बच्चों के सॉन्ग पर मनमोहक डांस ने सभी दर्शकों को बांधे रखा और लगातार तालियां बजाने पर मजबूर किया। अंत में सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए विप्र पब्लिक स्कूल की प्राचार्या पदमा ओझा ने बच्चों को शानदार प्रस्तुति के लिए बधाई दिया। इस अवसर पर विप्र पब्लिक स्कूल के बच्चों के साथ बड़ी संख्या में पालकों ने भी अपनी उपस्थिति से एनुअल फंक्शन रेनबो को सफल बनाया।






















