रायपुर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में स्व-सहायता समूह की महिलाएं अपनी योगदान दे रहीं हैं। दीपावली पर्व के अवसर पर कलात्मक दीये और पूजा सामग्री का निर्माण करके स्थानीय हाट बाजारों में बिक्री करके समृद्ध हो रहीं हैं। ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से पेंड्रा जनपद की पांच महिला स्वसहायता समूहों की 12 महिलाएं मिलकर अब तक 70 हजार मिट्टी के दीये तैयार कर लिए हैं।
समूह की महिलाओं को 1.11 लाख रूपये की आय
जिला प्रशासन एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा जनपद की महिला स्व-सहायता समूहों की 12 महिलाएं मिलकर अब तक 70 हजार मिट्टी के दीये तैयार कर चुकी हैं। इसके साथ ही अगरबत्ती, बाती एवं तोरण तैयार कर स्थानीय बाजारों-कोटमी, नवागांव और कोड़गार हाट बाजार में बेच रही हैं। समूह द्वारा निर्मित दीये रायपुर में आयोजित सरस मेला में भी प्रदर्शित किये गये और बेचे भी जा रहे हैं। समूह द्वारा अब तक 1 लाख 11 हजार 500 रूपये की दीये एवं पूजा सामग्री का बिक्री की जा चुकी है।





