
रायपुर:किसानों की फसलों की वास्तविक एवं अद्यतन जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज करने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में राजस्व अधिकारियों एवं सर्वे टीम द्वारा खेतों तक पहुंचकर मौके पर बोई गई फसल का सत्यापन किया जा रहा है और उसकी जानकारी डिजिटल एप में दर्ज की जा रही है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सर्वे टीम खेत में मौजूद फसल का प्रत्यक्ष अवलोकन कर फसल का सत्यापन करती है। इसके बाद संबंधित खेत में बोई गई फसल की फसलवार जानकारी एप के माध्यम से डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व अधिकारी भी फील्ड में पहुंचकर सर्वे कार्य की प्रगति का निरीक्षण कर रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार मौके पर सत्यापन सुनिश्चित किया जा रहा है।
फसलवार सटीक आंकड़ों से बनेगा बेहतर योजनाओं का आधार
डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से जिले में फसलों की वास्तविक और फसलवार जानकारी उपलब्ध होगी। इससे कृषि क्षेत्र से संबंधित आंकड़ों को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और फसल आधारित नीतियों के लिए विश्वसनीय डिजिटल डाटा उपलब्ध हो सकेगा।








