
एमसीबी:छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक भावना को सम्मान देते हुए निरंतर रूप से संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के लिए भी एक नया अवसर प्राप्त हुआ है। इस योजना के तहत जिले के 10 पात्र तीर्थयात्रियों का चयन किया गया है जिन्हें आगामी 20 नवम्बर से 23 नवम्बर 2025 तक पवित्र स्थल मथुरा, वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की धार्मिक यात्रा का सौभाग्य प्राप्त होगा। शासन द्वारा की जा रही यह पहल न केवल वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आकांक्षा को पूरा करने की दिशा में एक कदम है बल्कि यह समाज के उन वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक भी है, जो आर्थिक अभाव या सामाजिक परिस्थिति के कारण तीर्थ यात्रा करने में असमर्थ रहते हैं। इस योजना का लाभ विशेष रूप से उन वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को दिया जाएगा जो 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं तथा शारीरिक और मानसिक रूप से तीर्थ यात्रा के योग्य हैं। इच्छुक पात्र जन अपने आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में 05 नवम्बर 2025 तक अपने क्षेत्र के जनपद पंचायत या नगरीय निकाय कार्यालय में जमा कर सकते हैं।










