रायपुर:वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी रायगढ़ में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण करने पहुंचे और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में टाइमलाइन और गुणवत्ता पर फोकस करते हुए सभी एजेंसीज अपने प्रोजेक्ट्स का काम तेजी से पूरा करते चलें।
वित्त मंत्री श्री चौधरी नालंदा परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे। यहां मुख्य भवन के साथ किड्स लाइब्रेरी के फाउंडेशन का काम चल रहा है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाते हुए बारिश के पहले प्लिंथ लेवल तक का काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे ऑक्सीजोन पार्क के निरीक्षण में पहुंचे। यहां उन्होंने पार्क के चारों ओर की सड़क को बारिश से पहले तैयार करने और जल निकासी के लिए नालियों को अपग्रेड करने के लिए कहा। पार्क परिसर में वृक्षारोपण की तैयारियां भी समय से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में लगने वाले बाजार का भी निरीक्षण किया। नगर निगम आयुक्त को इसे व्यवस्थित करने के लिए कहा। जिससे यहां व्यवसायियों की संख्या बढ़े और आस-पास के लोगों को खरीददारी के लिए बेहतर विकल्प मिले। इसी के साथ उन्होंने शहर के अलग-अलग हिस्सों में भी संचालित बाजारों को व्यवस्थित करने व जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा।








