मनेंद्रगढ़ : राज्यपाल रमेन डेका ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर डी राहुल वेंकट एवं जिले के अन्य अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले में क्रियान्वित किए जा रहे शासन की योजनाओं, उनकी प्रगति और लाभान्वित हितग्राहियों के सम्बन्ध में एजेंडावार जानकारी ली। अपने प्रवास में कलेक्ट्रेट परिसर आगमन पश्चात सर्वप्रथम उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात उन्होंने ’एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में सफेद चंदन के पौधे का रोपण किया। बैठक के पश्चात उन्होंने ग्राम तेंदुडांड का निरीक्षण किया और वहां प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत निर्मित आवास का अवलोकन किया और हितग्राहियों से चर्चा की। साथ ही उन्होंने एन आर एल एम के समूह की महिलाओं के साथ चर्चा कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को जाना।उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने घर, स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक भवन परिसर अथवा जहां कहीं भी संभव हो एक पेड़ अपने मां के नाम से अवश्य लगाने के निर्देश दिए।









