
कोरबा:67वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2023-24 का आज सीएसईबी फुटबॉल खेल मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक मार्चपास्ट के साथ शुभारंभ हो गया। मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन, वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पाँच दिवसीय आयोजन का शुभारंभ द्वीप जलाकर और ध्वाजारोहण पश्चात औपचारिक घोषणा कर किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल जीवन का वह हिस्सा है जिससे शारिरिक और मानसिक विकास के साथ सफलता की राह में आगे बढ़ते हुए एक मुकाम हासिल की जा सकती है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ खेलकूद में शामिल होकर और अच्छे खेल का प्रदर्शन कर अपना नाम रोशन किया जा सकता है। उन्होंने सभी को संकल्प दिलाते हुए खेल को खेल भावना से खेलने और हारने पर निराश न होते हुए आगे बढ़ने और परिश्रम कर पुनः अच्छे प्रदर्शन से सफलता अर्जित करने की बात कही। प्रतियोगिता में 12 राज्यों और दो इकाइयों के बेसबॉल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।







