रायपुर:



मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मुंगेली प्रवास के दौरान नगर पंचायत पथरिया में छत्तीसगढ़ राज्य लोधी समाज के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री श्री साय का समाज के पदाधिकारियों द्वारा पगड़ी एवं गजमाला पहनाकर तथा समाज का प्रतीक चिन्ह भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरूण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज मकर संक्रांति का पावन दिन है। इस अवसर पर उन्होंने सभी लोगों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के इतिहास में लोधी समाज का गौरवशाली योगदान रहा है। इस समाज ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आज भी यह समाज अपनी कर्मठता, अखण्डता एवं एकता के कारण आगे बढ़ रहा है।









