
रायपुर:राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि सस्ता इलाज, किफायती दवाएं और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना देश की प्रमुख चुनौतियां हैं। इनके समाधान के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा, ताकि आम आदमी को सुलभ और सुरक्षित उपचार मिल सके।
रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में APTI के 28वें राष्ट्रीय अधिवेशन ‘एपिकॉन-2026’ को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नकली दवाओं पर रोक लगाने और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की वनौषधियों तथा विशेषकर जनजातीय समुदायों के पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान का वैज्ञानिक शोध और दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।







