
रायपुर:राजधानी के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में देश की पहली अनूठी ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग’ का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री डॉ. रक्षा निखिल खड़से और उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव की उपस्थिति में शुरू हुई यह लीग 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी।
छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। प्रत्येक टीम में छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय खिलाड़ियों के साथ चार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ के संदेश के साथ यह लीग प्रदेश में हॉकी संस्कृति को नई पहचान देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का मंच बनेगी। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, जबकि मुकाबलों का सीधा प्रसारण JioHotstar पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।







