
बेमेतरा:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत–सेवा चित्र’ कार्यक्रम का आयोजन जिले के विभिन्न विद्यालयों में किया गया। कार्यक्रम की जिला संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनके द्वारा तैयार किए गए चित्रों, भाषणों एवं रंगोली का अवलोकन किया।
इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बेरला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोंडगिरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरदा एवं शासकीय कन्या विद्यालय बेमेतरा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया कि वे आने वाले समय में भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ड्रॉइंग एवं भाषण के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत की। किसी बच्चे की कल्पना में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित भारत दिखाई दिया तो किसी ने हरित ऊर्जा, स्वच्छ पर्यावरण और डिजिटल सुविधाओं से आगे बढ़ते भारत को चित्रों के माध्यम से उकेरा। विद्यार्थियों ने अपनी सोच और विचारों को रंगों एवं शब्दों के माध्यम से बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों को कृषि एवं उद्योग, प्रौद्योगिकी, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी, ग्रीन एनर्जी एवं नवीकरणीय ऊर्जा, समुद्री संसाधन, सॉफ्टवेयर एवं डिजिटल क्षेत्र, योग-आयुर्वेद-संस्कृति एवं आध्यात्मिकता, रक्षा एवं सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजनेस एवं उद्यमिता, क्वांटम टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर अपनी कल्पना को चित्र और भाषण के माध्यम से सामने रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़, नक्सल मुक्त भारत, स्वच्छ भारत अभियान और डिजिटल भारत जैसे विषयों पर भी अपने विचार व्यक्त किए। रंगोली के माध्यम से भी बच्चों ने सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप दिया।
विद्यालयों में पहुंचीं जिला संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी प्रस्तुतियां सुनीं। उन्होंने बच्चों से उनके बनाए चित्रों के बारे में जानकारी ली और यह भी जाना कि उनके मन में भविष्य के भारत को लेकर क्या सपने हैं। बच्चों की रचनात्मक सोच और उत्साह की सराहना करते हुए उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कल्पना योगेश तिवारी जी ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। उनके सपने, उनकी सोच और उनकी कल्पना ही भविष्य के भारत की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रम बच्चों को केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं देते, बल्कि उन्हें देश के भविष्य के बारे में सोचने और अपने विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल बड़े शहरों और आधुनिक तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें स्वच्छ और सुरक्षित समाज, मजबूत कृषि, आत्मनिर्भर युवा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सुविधाएं और हमारी संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण भी शामिल है। बच्चों की कल्पना में इन सभी पहलुओं की झलक देखना उत्साहजनक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थितजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पूरे मनोयोग से अपनी कला और विचारों को प्रस्तुत किया। ड्रॉइंग, भाषण और रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर सामने रखी, जिसने कार्यक्रम को विशेष और प्रेरणादायी बना दिया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत–सेवा चित्र’ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता के साथ राष्ट्र के भविष्य से जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की कल्पना, प्रतिभा और विचारों को मंच प्रदान करते हुए 2047 के विकसित भारत के सपने को उनकी नजर से सामने लाना रहा।












