
बेमेतरा:जिला पंचायत अध्यक्ष और सेवा संकल्प अभियान अभियान के जिला संयोजक कल्पना योगेश तिवारी ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर पूरे देश में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में बेमेतरा जिले में भी प्रधानमंत्री का जन्मदिवस पूरे एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के लंबे कार्यकाल में देश की सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से बेमेतरा जिले में विभिन्न रचनात्मक एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बेमेतरा जिले के नागरिक अपने घरों के आंगन एवं सार्वजनिक स्थानों पर ‘आशीर्वाद का एक दीप’ जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करेंगे। यह दीप देश की सेवा और विकसित भारत के संकल्प के प्रति जनभागीदारी का प्रतीक होगा।
सभी स्कूलों में होंगी भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं
जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे एक माह बेमेतरा जिले के सभी स्कूलों में ‘सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिताओं का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा—स्कूल स्तर → ब्लॉक स्तर → जिला स्तर
स्कूल स्तर पर चयनित प्रतिभागी ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे तथा ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्र निर्माण, विकसित भारत, नवाचार, शिक्षा, स्वावलंबन और देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।
विकसित भारत’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा देश
जिला संयोजक कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासपरक नीतियों से देश के करोड़ों नागरिकों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान विश्व पटल पर एक तेजी से उभरती हुई और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर शक्ति के रूप में बनी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशवासियों के ‘सपनों के भारत’ को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने बेमेतरा जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का एक दीप’ जलाकर राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया।









