
रायपुर:कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था के क्षेत्र में धमतरी जिले को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (NAEAB) ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा उसके अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों को पांच वर्ष की अवधि के लिए प्रत्यायन प्रदान किया है। इनमें कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद भी शामिल है। आईसीएआर द्वारा प्रदान किए गए 3.15 स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड कृषि शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
आईसीएआर की अधिसूचना के अनुसार यह प्रत्यायन 29 मार्च 2024 से 28 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगा। राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड की 43 वीं बैठक में 24 अगस्त 2026 को लिए गए निर्णय के आधार पर यह मान्यता प्रदान की गई है। प्रत्यायन के दायरे में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के साथ कृषि महाविद्यालय रायपुर तथा कुरूद सहित अन्य संबंधित संस्थानों के स्वीकृत शैक्षणिक कार्यक्रम शामिल हैं।
कुरूद कृषि महाविद्यालय की उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय
कृषि प्रधान धमतरी जिले में कृषि महाविद्यालय, कुरूद की यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। महाविद्यालय द्वारा कृषि शिक्षा, विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान गतिविधियों तथा कृषक हितैषी तकनीकों के प्रसार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इससे और मजबूती मिलेगी। आईसीएआर का ‘ए’ ग्रेड संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, शिक्षण व्यवस्था, मानव संसाधन, अनुसंधान एवं अकादमिक गुणवत्ता के प्रति सकारात्मक प्रमाणिकता को दर्शाता है।







